
लीडर टुडे. जयपुर
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने शनिवार को जयपुर से सालासर की यात्रा की, जिसमें रास्ते में करीब 100 से अधिक स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा सुबह 9 बजे जयपुर से शुरू हुई और शाम तक सालासर पहुंची।
इस दौरान बगड़ी का स्वागत विभिन्न स्थानों पर फूलमालाओं और जेसीबी से फूल बरसाकर किया गया। प्रमुख स्वागत स्थलों में वैशाली नगर, जोधपुर मिष्ठान भंडार, चौमू, रींगस, पलसाना, त्रिलोकपुरा, सीकर, लक्ष्मणगढ़ और सालासर शामिल थे। इस यात्रा में उनके साथ साढ़े चार सौ से अधिक वाहन शामिल थे।
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जयपुर के स्वागत में इंद्र सिंह सुरपुरा, अजीत सिंह सराय, जबकि सीकर में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, विधायक शनि कल्याण, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज वाटर सहित कई नेताओं ने हिस्सा लिया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह यात्रा मुख्य रूप से धार्मिक और सांस्कृतिक उद्देश्य से थी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वे सालासर बालाजी और खाटू श्याम जी के दर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने बालाजी महाराज से विकसित सीकर और विकसित राजस्थान की कामना की।

बगड़ी ने प्रदेश में भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सत्ता और संगठन का तालमेल अद्भुत है और भाजपा योजनाओं के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी घोषणाएं केवल झूठी और अधूरी रही हैं।
भविष्य में राजस्थान और केंद्र सरकार के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए बगड़ी ने कहा कि यह बजट आम जनता, गरीब और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस यात्रा में उन्हें सहयोग और प्रेम दिया।

